GujaratSurat

सूरत में एक ही दिन में 27 किलो गांजा जब्त, रेलवे पुलिस और SOG की बड़ी कार्रवाई

पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस की सीट के नीचे मिला 17 किलो से अधिक गांजा, प्लेटफॉर्म नंबर-1 से 10 किलो गांजे के साथ ओडिशा का युवक गिरफ्तार; जब्त माल की कीमत 13.60 लाख रुपये से अधिक

सूरत (योगेश मिश्रा) शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे पुलिस और SOG की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में कुल 27.215 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। ‘मिशन सेफ स्टेशन’ अभियान के तहत की गई इन कार्रवाइयों में पुलिस ने 13.60 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा बरामद किया। पहली कार्रवाई में पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन के आरक्षित कोच की सीट के नीचे से 17.115 किलोग्राम गांजा लावारिस हालत में मिला, जबकि दूसरी कार्रवाई में सूरत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से 10.100 किलोग्राम गांजे के साथ ओडिशा के एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पहले मामले में ट्रेन नंबर 12843 पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस के व्यारा स्टेशन से गुजरने के बाद रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने ट्रेन में जांच अभियान चलाया। इस दौरान आरक्षित कोच नंबर B/6 की सीट नंबर 57 के नीचे एक भूरे रंग का ट्रॉली बैग और एक काला बैकपैक संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। पुलिस टीम ने जब दोनों बैगों की तलाशी ली तो उनमें से 17.115 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 8 लाख 55 हजार 750 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, जांच से बचने के लिए कोई अज्ञात व्यक्ति गांजे से भरे बैग वहां छोड़कर फरार हो गया था। इस मामले में सूरत रेलवे पुलिस थाने में NDPS एक्ट के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है।दूसरी कार्रवाई में रेलवे SOG और NDPS डेडिकेटेड टीम सूरत रेलवे स्टेशन पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर स्पीड पार्सल ऑफिस से बाइक पार्किंग की ओर जा रहे एक संदिग्ध युवक पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस टीम ने उसे रोककर उसके पास मौजूद ट्रॉली बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 10.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की कीमत लगभग 5 लाख 5 हजार रुपये आंकी है। इसके अलावा नकदी सहित कुल 5 लाख 5 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान ओडिशा के गंजाम जिले के निवासी बुधिया उर्फ जति स्वाईं (उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी गांजे की खेप कहां से लेकर आया था और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था। रेलवे पुलिस और SOG की इन दोनों कार्रवाइयों से सूरत रेलवे स्टेशन और रेल मार्ग के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में नशीले पदार्थों की अवैध आवाजाही रोकने के लिए जांच और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button