
सूरत (योगेश मिश्रा)। जिले के पलसाणा तालुका के वणेसा गांव में रमजान महीने के दौरान हुई हिट एंड रन की घटना में पुलिस जांच के बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जिस घटना को शुरुआत में सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, वह पुलिस जांच में सुनियोजित हत्या की साजिश निकली। पुलिस के मुताबिक, मृतक साजिद कुरैशी की हत्या उसकी पत्नी को पाने की चाहत में करवाई गई थी। इसके लिए कथित तौर पर एक लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। मिली जानकारी के अनुसार, साजिद कुरैशी वणेसा गांव के पास अपनी मोपेड से जा रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। घटना के बाद मामला हिट एंड रन का लग रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं है। पुलिस जांच में सामने आया कि अब्दुलरहमान नामक व्यक्ति दक्षिण अफ्रीका में रह रहा था। उस पर आरोप है कि साजिद की पत्नी को पाने की चाहत में उसने साजिद को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए उसने कथित तौर पर एक लाख रुपये में सोयब नामक व्यक्ति को सुपारी दी थी। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने गुजरात के कड़ी इलाके से सेकंड हैंड बोलेरो पिकअप खरीदी थी। घटना वाले दिन दक्षिण अफ्रीका में बैठा मुख्य आरोपी लाइव लोकेशन उपलब्ध करा रहा था। इसी जानकारी के आधार पर सोयब ने वणेसा गांव के पास साजिद की मोपेड को बोलेरो पिकअप से टक्कर मार दी। पूरी घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरत ग्रामीण लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल और अन्य सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान हत्या की कथित साजिश का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता अब्दुलरहमान और कथित तौर पर वाहन से टक्कर मारने वाले सोयब को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल किए गए वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस पूरे षड्यंत्र से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।



