
सूरत (योगेश मिश्रा) शहर के रिंग रोड स्थित कपड़ा बाजारों में लंबे समय से चली आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अब सीधे मनपा प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। प्रतिनिधिमंडल ने SMC कमिश्नर राजकुमार बेनीवाल, महापौर माया बहन मवानी और स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन राजन पटेल से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि कपड़ा बाजार में रोजाना हजारों व्यापारी और ग्राहक आते-जाते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित व्यापारिक संस्था फोस्टा (FOSTTA) की ओर से प्रभावी पहल की अपेक्षा की जाती है, लेकिन अब व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल को स्वयं आगे आकर मनपा प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज उठानी पड़ रही है।

बिना पानी कनेक्शन के भी लगाया जा रहा वाटर टैक्स
प्रतिनिधिमंडल ने सबसे प्रमुख मुद्दा वाटर टैक्स का उठाया। व्यापारियों ने बताया कि कई दुकानों में न तो कमर्शियल पानी का कनेक्शन है और न ही डायरेक्ट पानी कनेक्शन, इसके बावजूद प्रॉपर्टी टैक्स के बिल में वाटर टैक्स जोड़ा जा रहा है। व्यापारियों ने ऐसे मामलों की जांच कर अनुचित रूप से लगाए गए वाटर टैक्स को हटाने की मांग की।
पार्किंग व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग
रिंग रोड ओवरब्रिज के नीचे पार्किंग व्यवस्था का मुद्दा भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया। व्यापारियों ने पार्किंग की निर्धारित सीमा स्पष्ट करने, अधिकृत पार्किंग शुल्क की रेट लिस्ट सार्वजनिक रूप से लगाने और पार्किंग क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्था को दूर करने की मांग की।
टूटी सड़कें और बंद स्ट्रीट लाइट भी बनी परेशानी
प्रतिनिधिमंडल ने कपड़ा बाजार क्षेत्र की खराब सड़कों की मरम्मत कराने तथा लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने की मांग भी की। इसके साथ ही बाजार क्षेत्र में अधिक ग्रीनरी और हरियाली विकसित करने का मुद्दा भी अधिकारियों के सामने रखा गया ।
फोस्टा की जिम्मेदारी पर व्यापारियों के बीच चर्चा
व्यापारियों के बीच यह सवाल भी चर्चा में है कि जब व्यापारियों की समस्याओं को मनपा और प्रशासन के सामने रखने के लिए व्यापारिक संस्था बनाई गई है, तो आखिरकार इन बुनियादी समस्याओं को लेकर व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल को स्वयं अधिकारियों के पास क्यों जाना पड़ रहा है? व्यापारियों का कहना है कि बाजार से जुड़े मुद्दों पर संबंधित संस्था को नियमित रूप से प्रशासन के साथ समन्वय कर समाधान की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में मनोज अग्रवाल, रंगनाथ सारड़ा, विकास जैन, हरीश ललवानी, आनंद वैष्णव और उपेंद्र भाई मोदी सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि शामिल रहे।
मनपा के पदाधिकारियों और अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित मुद्दों पर जल्द आवश्यक कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिया। व्यापारियों को उम्मीद है कि मनपा प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई होने पर रिंग रोड कपड़ा बाजार क्षेत्र में आने वाले हजारों व्यापारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों को राहत मिलेगी तथा बाजार की मूलभूत व्यवस्थाओं में सुधार होगा।



