GujaratSurat

सारोली के ‘संगिनी हब-B’ टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

पहली मंजिल पर भड़की चिंगारी ने पूरी इमारत को लिया चपेट में, दमकल की 10 से अधिक गाड़ियां राहत कार्य में जुटीं

सूरत (योगेश मिश्रा) शहर के कपड़ा नगरी सूरत के सारोली विस्तार से आज एक बार फिर बड़ी दुर्घटना सामने आई है। यहाँ स्थित प्रसिद्ध संगिनी हब-B (Sangini Hub-B) टेक्सटाइल मार्केट में आज कामकाजी घंटों के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मार्केट परिसर में चारों तरफ काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे वहां मौजूद व्यापारियों, स्टाफ और ग्राहकों में भगदड़ मच गई।

पहली मंजिल से फैली लपटें

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत मार्केट की पहली मंजिल (First Floor) से हुई। जब बाजार में सामान्य रूप से व्यापार चल रहा था, तभी अचानक दुकान से धुएं के साथ आग की लपटें उठने लगा। कपड़ों और सिंथेटिक रेडीमेड मटेरियल का भारी स्टॉक होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और दम घोटने वाला गाढ़ा काला धुआं पूरी इमारत में फैल गया।

10 से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही सूरत महानगरपालिका के दमकल विभाग में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत नियंत्रण कक्ष से कार्रवाई की गई और अलग-अलग फायर स्टेशनों से 10 से अधिक दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने मार्केट को चारों तरफ से घेरकर पानी की बौछारें शुरू कीं ताकि आग को ऊपरी मंजिलों और पास की अन्य दुकानों में फैलने से रोका जा सके।

सभी को सुरक्षित निकाला गया

राहत की बात यह रही कि आग भड़कते ही सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से मार्केट के अंदर मौजूद अधिकांश लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, भारी धुएं के कारण दमकलकर्मियों को कूलिंग ऑपरेशन और भीतर जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई दुकानों में रखा कपड़ा जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और सारोली-कुंभारिया रोड के आसपास यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है।

🚨 सुरक्षा मानकों पर बड़े सवाल: सारोली में ही 20 दिन पहले हुआ था ₹24 करोड़ का अग्निकांड

इस हादसे ने सारोली विस्तार के टेक्सटाइल मार्केट्स में फायर सेफ्टी और सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौर करने वाली बात है कि इसी महीने (9 सितंबर) सारोली के ही ‘श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट’ में एक बेहद खौफनाक और बड़ी आगजनी की घटना हो चुकी है। उस हादसे में करीब 17 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई थीं और व्यापारियों का लगभग ₹24 करोड़ का तैयार कपड़ा जलकर राख हो गया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि वह आग शॉर्ट सर्किट से नहीं, बल्कि एक पूर्व कर्मचारी द्वारा आपसी रंजिश के चलते पेट्रोल छिड़ककर लगाई गई थी। महज 20 दिनों के भीतर सारोली क्षेत्र के दूसरे बड़े कपड़ा बाजार (संगिनी हब-B) में इस नई आग ने स्थानीय व्यापारियों और एसोसिएशन की चिंता बढ़ा दी है। त्योहारों के ठीक पहले लगातार हो रहे इन हादसों से करोड़ों रुपये के व्यापार पर सीधा असर पड़ने की आशंका है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को मार्केट्स में पुख्ता फायर सेफ्टी सिस्टम और सुरक्षा जांच को लेकर अब कड़े कदम उठाने की जरूरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button