
सूरत (योगेश मिश्रा) शहर के वराछा में एक हीरा फैक्ट्री के मैनेजर पर महिला कर्मचारी ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इस मामले में दोनों तरफ से शिकायत दर्ज हुई है। महिला ने नाइट शिफ्ट के दौरान मैनेजर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार वराछा त्रिकमनगर परमहंस सोसाइटी निवासी निर्मल जब्बरसिंह राजपूत अश्वनिकुमार रोड की हीरा कारखाने में मैनेजर हैं। 12 सितंबर को नाइट शिफ्ट के दौरान एक महिला कर्मचारी को काम में लापरवाही के लिए फटकार लगाई। इसके बाद महिला रोने लगी। सुबह जब शिफ्ट खत्म हुई, तो महिला ने निर्मल को फोन करके अपने घर बुलाया। वहां उसका साथी प्रदीप दिनेशसिंह राठौड़ भी पहुंचा। उसने मैनेजर की पिटाई कर उसके मोबाइल के जरिए 50,000 ट्रांसफर करवा लिए। निर्मलसिंह ने इस संबंध में वराछा पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला ने भी मैनेजर पर छेड़छाड़ और उसके घर जाकर शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
अमरोली में महिला से दुष्कर्म, 8 लाख रुपए ऐंठे, मामला दर्ज
अमरोली निवासी एक महिला के साथ दोस्ती कर उसके फोटो लेकर उसे अलग- अलग जगह ले जाकर दुष्कर्म करने और फिर फोटो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला से 8 लाख भी वसूल किए हैं। भरत भगवान पाड़ा, जो अमरोली के छापराभाठा क्षेत्र में रहता है, ने सात महीने पहले अमरोली निवासी महिला से दोस्ती की। उसने महिला के कुछ फोटो भी ले लिए। बाद में उसने इन फोटो को वायरल करने और महिला के पति को भेजने की धमकी दी। साथ ही, महिला के बेटे को मारने की धमकी देकर उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने महिला से 8 लाख भी वसूल किए। आखिरकार, इससे परेशान महिला ने अपने पति को पूरी घटना बताई और अमरोली पुलिस में मामला दर्ज करवाया।