GujaratSurat

चारधाम यात्रा पर निकले सूरत के पटेल परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, उत्तरकाशी में कार नदी में गिरी, तीन परिजनों की मौत

गंगोत्री नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, वकील अशोकभाई पटेल, पत्नी और बेटी की मौत; बेटा वेदांत गंभीर रूप से घायल

सूरत (योगेश मिश्रा) उत्तराखंड के उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा पर गए सूरत के एक परिवार के लिए धार्मिक यात्रा जिंदगी की सबसे बड़ी त्रासदी बन गई। गंगोत्री नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी इनोवा कार गहरी खाई में गिरकर भागीरथी नदी में जा समाई। इस दर्दनाक हादसे में सूरत के एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल चार लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। हादसे में परिवार का बेटा वेदांत गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो महिलाओं के लापता होने की भी जानकारी सामने आई थी।मिली जानकारी के अनुसार, सूरत में वकालत का काम करने वाले अशोकभाई पटेल अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ 31 अक्टूबर को चारधाम यात्रा के लिए निकले थे। परिवार धार्मिक स्थलों के दर्शन करने उत्तराखंड पहुंचा था। गंगोत्री धाम के दर्शन के बाद वे आगे की यात्रा पर जा रहे थे। इसी दौरान उत्तरकाशी के गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गंगनानी के नजदीक उनकी इनोवा कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह लगभग 7 बजे गंगनानी के पास वाहन चालक का कार से नियंत्रण छूट गया। इसके बाद कार सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और सीधे भागीरथी नदी में जा पहुंची। कार में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। इस दुर्घटना में सूरत निवासी अशोकभाई पटेल, उनकी पत्नी सुधाबेन और बेटी रुतिका की मौत की खबर सामने आई। वहीं हादसे में अन्य एक व्यक्ति और वाहन चालक की भी मौत हुई। अशोकभाई के बेटे 17 वर्षीय वेदांत को गंभीर चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस, SDRF और NDRF की टीमों ने बचाव अभियान शुरू किया। नदी का तेज बहाव और पहाड़ी क्षेत्र की कठिन परिस्थितियां राहत एवं बचाव कार्य में चुनौती बनी हुई थीं। दुर्घटना के बाद दो महिलाओं के लापता होने की जानकारी भी सामने आई थी और उनकी तलाश की जा रही थी।सूरत में रहने वाले पटेल परिवार के पड़ोसियों और परिचितों को इस हादसे की खबर से गहरा सदमा लगा। रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार का हालचाल जानने के लिए पड़ोसियों ने फोन किया था, लेकिन दूसरी तरफ से पुलिस ने परिवार के सदस्यों की मौत की दुखद जानकारी दी। यह खबर सुनकर आसपास के लोगों में शोक की लहर फैल गई। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अशोकभाई पटेल की बेटी रुतिका ने BCA तक पढ़ाई की थी और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी। वहीं उनका बेटा वेदांत 12वीं साइंस में पढ़ाई कर रहा था। परिवार धार्मिक आस्था रखने वाला और मिलनसार बताया गया है। चारधाम की पवित्र यात्रा निकले परिवार के साथ हुई इस हृदयविदारक घटना ने सूरत सहित गुजरात के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में घायल वेदांत के शीघ्र स्वस्थ होने और लापता लोगों की सुरक्षित जानकारी मिलने की कामना की जा रही है।ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button