
सूरत (योगेश मिश्रा) शहर में दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए सूरत के कपड़ा बाजारों में छुट्टियों के चलते व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद होने जा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन के अध्यक्ष **प्रहलाद भाई अग्रवाल** ने सूरत के सभी कपड़ा व्यापारियों एवं दुकानदारों से विशेष निवेदन किया है कि दीपावली की छुट्टियों पर दुकान, गोदाम एवं कंपनियां बंद करने से पहले सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम अवश्य कर लें। प्रहलाद भाई अग्रवाल ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि दुकान या कंपनी बंद करने से पहले सभी बिजली के उपकरणों और मुख्य पावर स्विच को अच्छी तरह जांच लें। अनावश्यक बिजली सप्लाई बंद रखें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी विद्युत उपकरण चालू अवस्था में न छूटे। उन्होंने विशेष रूप से अग्निशमन सुरक्षा पर ध्यान देने की अपील की। सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों में लगे फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) की जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि वे सही स्थिति में हों तथा जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल किए जा सकें। दुकान एवं गोदाम में ज्वलनशील सामग्री को बिजली के उपकरणों से सुरक्षित दूरी पर रखें।उन्होंने आगे कहा कि दीपावली की छुट्टियों के दौरान कई दिनों तक दुकानें और कंपनियां बंद रहती हैं। ऐसे में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी व्यापारी दुकान बंद करने से पहले बिजली की वायरिंग, पावर स्विच, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच जरूर करें। प्रहलाद भाई अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की मेहनत से खड़ा हुआ कारोबार और करोड़ों रुपये का माल सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। सावधानी ही सुरक्षा है। सभी व्यापारी सुरक्षित रहें और अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास से दीपावली का त्योहार मनाएं। आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन की ओर से सभी कपड़ा व्यापारियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।



