
सूरत (योगेश मिश्रा) शहर की एसटी निगम दिवाली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए 26 से 30 अक्टूबर तक सूरत से 2200 अतिरिक्त बसें चलाएगा। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने शनिवार को सर्किट हाउस में एक कार्यक्रम में कहा कि “सर्वोच्च कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने सार्वजनिक परिवहन की एक मजबूत व्यवस्था बनाई है। राज्य में एसटी निगम द्वारा रोज 8000 से अधिक बसें 32 लाख किमी की यात्रा करती हैं। दैनिक 23 से 27 लाख यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। मंत्री ने कहा कि दीवाली के दिनों में सूरत शहर से अपने घर सौराष्ट्र और उत्तर गुजरात, दाहोद, पंचमहल समेत अन्य जिलों और महाराष्ट्र में हजारों लोग जाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए 26 से 30 अक्टूबर तक सौराष्ट्र, उत्तर गुजरात, पंचमहल, महाराष्ट्र समेत विभिन्न स्थानों पर 2200 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। अधिक मांग होने पर और बसें उपलब्ध कराने की भी निगम की तैयारी है। राज्य के सौराष्ट्र समेत विभिन्न स्थानों पर विशेषकर जो लोग दीवाली के त्योहार पर अपने घर की यात्रा करते हैं, उनकी सुविधा के लिए सूरत से विशेष अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है।
ग्रुप बुकिंग में यात्रियों को सोसाइटी से लेकर गंतव्य तक पहुंचाएंगी एसटी बसें
अतिरिक्त बसों का संचालन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। यात्री एडवांस में टिकट और ग्रुप बुकिंग भी करा सकते हैं। ग्रुप बुकिंग कराने वालों को ‘एसटी आपके द्वार’ योजना के तहत उनकी सोसाइटी से गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। महाराष्ट्र के यात्रियों के लिए भी उधना बस स्टेशन से नवापुर, नंदुरबार, धुलिया, शहादा के लिए अतिरिक्त बसें चलेंगी।