
सूरत (योगेश मिश्रा) शहर के उधना के आशापुरी ब्रिज के पास गुरुवार रात एक अजीबोगरीब घटना घटी। एक गाय कमरे की छत (पतरे) पर चढ़ गई और छत टूटने से नीचे गिर गई। इस हादसे में कमरे में सो रहे 35 वर्षीय मोहम्मद शमीम मोहम्मद उवारी अंसारी को गंभीर चोटें आईं और उनके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। जबकि उनके दोनों बच्चों को भी चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद शमीम का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। शमीम उधना के दस्तगीर नगर में परिवार के साथ रहते हैं। वह मजदूरी करते हैं। गुरुवार रात शमीम अपने परिवार के साथ खाना खाकर सो गए थे। रात करीब 2 बजे उनके कमरे की छत पर पीछे की ओर से एक गाय चढ़ गई। लेकिन गाय का वजन नहीं उठा पाने के कारण छत का पतरा टूट गया और गाय सीधे शमीम के ऊपर गिर गईं। शमीम को गंभीर चोटें लगी हैं वहीं उनके 6 वर्षीय पुत्र राशिफ और 12 वर्षीय पुत्री नशीबा को भी चोटें आई हैं।