
सूरत (योगेश मिश्रा) शहर के महिधरपुरा पुलिस सर्विलांस टीम ने सूरत के भागल बुंदेलावाड क्षेत्र में स्थित जेके थ्रेड नामक दुकान में हुई रात्रि के समय शटर तोड़कर चोरी और वापी टाउन पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी के मामलों को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिधरपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज चोरी के मामले में पुलिस निरीक्षक एचएम चौहान के मार्गदर्शन में सर्विलांस टीम का गठन किया गया। टीम ने सूरत में हुई चोरियों की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे पता चला कि आरोपी मुंबई से ट्रेन से सूरत आकर एक महीने से यहां चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इसके बाद मुंबई से सूरत आने वाली ट्रेनों पर कड़ी निगरानी रखी गई। अंततः सर्विलांस टीम के अहीर अजित सिंह ने आरोपियों को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए। इस गिरफ्तारी के बाद महिधरपुरा और वापी टाउन पुलिस स्टेशन में दर्ज दोनों चोरी के मामलों को सुलझा लिया गया है। पुलिस ने राजू निरहू गौतम (उम्र 27) निवासी मुंबई और अशोककुमार जोगिंदर सिंह सूदन (उम्र 45) निवासी मुंबई को गिरफ्तार कर उनसे 2,175 रुपए, 4,500 रुपए के दो मोबाइल और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार (हथौड़ा, लोहे की चक्की) जब्त की है। जब्त माल की कीमत 6,675 रुपए है। पुलिस के अनुसार आरोपी मुंबई से ट्रेन द्वारा सूरत पहुंचकर शाम के समय दुकानों और शोरूम की रेकी करते थे। रात में शटर तोड़कर दुकान से नकदी और छोटी-मोटी कीमती वस्तुएं चोरी करते थे। चोरी के बाद ये तुरंत वापस मुंबई लौट जाते थे, जिससे पुलिस को इन्हें पकड़ने का समय नहीं मिल पाता था।